आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में शनिवार को भाग लेंगे, एक स्मारक सिक्के का अनावरण करेंगे और विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मोदी पूर्वाह्न करीब पौने 10 बजे पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित संस्थान के परिसर पहुंचेंगे।
इस दौरे में प्रधानमंत्री चिकित्सा सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर बनाने के लिए विकसित की गई किफायती उन्नत चिकित्सा प्रौद्योगिकी और दूरदराज के इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने से जुड़े नवोन्मेषों का अवलोकन करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री संस्थान के सभागार में ‘विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के तहत विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक सिक्के का अनावरण करेंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में भाग लेंगे। वह संस्थान की 75 वर्ष की यात्रा के प्रतीक के रूप में आईआईटी खड़गपुर के 75 विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे।’’
बयान में कहा गया कि 1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त इस संस्थान ने भारत में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवोन्मेष को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाई है।