खरगे ने पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठाए सवाल, जवाबदेही तय करने की मांग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
Kharge raises questions on implementation of nutrition schemes, demands accountability
Kharge raises questions on implementation of nutrition schemes, demands accountability

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में महिलाओं और बच्चों में कुपोषण एवं एनीमिया की स्थिति को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि पिछले 12 वर्ष में कई पोषण योजनाएं शुरू किए जाने के बावजूद इस समस्या के बने रहने के लिए जवाबदेही किसकी है।

खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार के अपने वित्तीय रिकॉर्ड से पता चलता है कि पोषण योजनाओं के तहत जारी की गई राशि का एक बड़ा हिस्सा खर्च नहीं किया जा सका।
 
उन्होंने केंद्रीय बजट में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की हिस्सेदारी घटने का भी दावा किया।
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ‘संपदा’ (एसएएमपीएडीए) रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि प्रजनन आयु वर्ग की 55.9 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित हैं, जबकि करीब दो-तिहाई किशोर-किशोरियों में विटामिन बी12 की कमी है।
 
उनके मुताबिक, एक से चार वर्ष की आयु के 42 प्रतिशत बच्चे एनीमिया से प्रभावित हैं तथा गुजरात में प्रजनन आयु वर्ग की 66 प्रतिशत महिलाएं और 57 प्रतिशत छोटे बच्चे एनीमिया से पीड़ित हैं।
 
खरगे ने दावा किया कि प्रजनन आयु वर्ग की करीब 30 प्रतिशत महिलाएं मध्यम या गंभीर एनीमिया से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एनीमिया के ‘‘हल्के’’ मामलों पर जोर देकर समस्या की गंभीरता को छिपा नहीं सकती।