KAJPA Protest: Delhi Police detained approximately 200 protesters.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे लगभग 200 प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों ने बताया कि ये 200 प्रदर्शनकारी नयी दिल्ली इलाके से अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिए गए हैं। नयी दिल्ली के पूरे इलाके में पुलिस प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम के सेक्टर 56 से हिरासत में लिया है।
इसके अलावा कॉजपा ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने उसके नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को राष्ट्रीय राजधानी में उनका विमान उतरने के बाद हिरासत में ले लिया। साथ ही इसने अपनी विधि प्रकोष्ठ की प्रमुख रत्ना सिंह और तीन अन्य वकीलों को हिरासत में लिये जाने का दावा किया है
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कॉजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले एहतियाती उपायों के तहत राष्ट्रीय राजधानी के सभी 15 जिलों में आपराधिक रिकॉर्ड वाले 600 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति न पैदा करें।