Jharkhand Assembly's special session begins; Finance Minister moves resolution against SIR
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार को शुरू हुआ। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने की मांग करते हुए इसके खिलाफ प्रस्ताव पेश किया।
सत्र के दौरान सदन एसआईआर प्रक्रिया और अगस्त में संसद में पारित संशोधित खान कानून पर विचार-विमर्श करेगा।
एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव पेश करते हुए किशोर ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में प्रक्रियागत जटिलताओं और तकनीकी खामियों के कारण मतदाताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड के 2.21 करोड़ मतदाताओं में से 27 प्रतिशत को संदिग्ध मानते हुए नोटिस भेजे गए।’’
भारत निर्वाचन आयोग पर केंद्र की ‘‘कठपुतली की तरह काम करने’’ का आरोप लगाते हुए मंत्री ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना ‘‘जरूरी’’ है।