'India' alliance MPs to meet at Constitution House, likely to march against 'vote theft'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद शुक्रवार को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठक करेंगे और फिर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर प्रदर्शन कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन के सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन से समय मिलने का इंतजार कर रहे हैं। विपक्षी गठबंधन ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। यदि शुक्रवार तक मुलाकात के लिए समय नहीं मिलता है, तो ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के सभी विकल्प खुले रखे गए हैं।
विपक्षी सांसदों को अपराह्न तीन बजे संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में बुलाया गया है।
इस बीच, कांग्रेस ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के 10 अक्टूबर को यहां प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के चलते भारी सुरक्षा बल की तैनाती को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह ‘इंडिया’ गठबंधन के पिछले कुछ दिन के प्रदर्शन के बाद सरकार के ‘घबराहट’ के स्तर को दर्शाता है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि कॉजपा के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के 20,000 से अधिक कर्मी तैनात किए गए हैं।
उनका कहना है कि जंतर मंतर पर किसी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने लोगों से किसी अनधिकृत तरीके से आयोजित सभा में भाग नहीं लेने की अपील की।