राजस्थान के जैसलमेर में 21 साल की संतोष कुमारी निर्विरोध बनीं जिला परिषद प्रमुख

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
In Jaisalmer, Rajasthan, 21-year-old Santosh Kumari was elected unopposed as the District Council Chief.
In Jaisalmer, Rajasthan, 21-year-old Santosh Kumari was elected unopposed as the District Council Chief.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 राजस्थान के जैसलमेर में 21 साल की संतोष कुमारी बुधवार को निर्विरोध जिला परिषद प्रमुख बनीं।
 
जिले में जिला परिषद सदस्यों की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। भाजपा को एक सीट मिली है। वार्ड 10 से भाजपा उम्मीदवार करुणा कंवर चुनी गई हैं।
 
अनुसूचित जनजाति समुदाय से आने वाली संतोष कुमारी 12वीं पास और अविवाहित हैं। जिला परिषद सदस्य के चुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 21 से चुनी गईं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी को 6,137 वोटों से हराया।
 
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संतोष कुमारी के जिला परिषद प्रमुख बनने पर मिठाइयां बांटकर और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया।
 
निर्विरोध चुने जाने के बाद संतोष ने जैसलमेर की जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "मेरी प्राथमिकता जिले के विकास के लिए सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को साथ लेकर काम करने की होगी।"
 
उन्होंने कहा कि वह विशेष रूप से महिला शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करने पर ध्यान देंगी। उन्होंने कहा, "मुझ पर जो भरोसा जताया गया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगी और जिले के विकास के लिए काम करूंगी।"
 
राजस्थान के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में भी कांग्रेस को बढ़त मिली है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपने वादों को पूरा करने के लिए काम करेंगे।
 
जैसलमेर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि ये नतीजे भाजपा सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमावर्ती जिले के लोगों को सूखे जैसे हालात के अलावा चारे और नहर के पानी की कमी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और राज्य सरकार राहत के पर्याप्त कदम नहीं उठा पाई।