गुजरात में निजी वाहनों पर जातिसूचक शब्दों और प्रतीकों पर प्रतिबंध

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 20-11-2026
Gujarat bans display of caste-based words and symbols on private vehicles
Gujarat bans display of caste-based words and symbols on private vehicles

 

गुजरात
 
गुजरात सरकार ने किसी भी तरह के निजी वाहनों - जिनमें दोपहिया, तिपहिया, चौपहिया वाहन, बसें और ट्रक शामिल हैं - पर जाति की पहचान बताने वाले शब्दों, प्रतीकों, निशानों, आकृतियों और टेक्स्ट को प्रदर्शित करने पर रोक लगा दी है। इसके लिए, राज्य सरकार ने 'गुजरात मोटर वाहन नियम, 1989' में संशोधन किया है और वाहनों पर जाति-आधारित पहचान प्रदर्शित करने को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रावधान जोड़े हैं।
 
राज्य के बंदरगाह और परिवहन विभाग ने 17 नवंबर, 2026 को 'गुजरात मोटर वाहन (तीसरा संशोधन) नियम, 2026' अधिसूचित किया। इस संशोधन के तहत, नियम 125 के उप-नियम (1) में "कोई विज्ञापन उपकरण, आकृति नहीं" (No advertising device, figure) शब्दों की जगह "कोई विज्ञापन उपकरण, जाति-सूचक चिह्न, आकृति नहीं" (No advertising device, caste signage, figure) शब्द शामिल किए गए हैं। इसका मतलब यह है कि अब वाहनों पर प्रदर्शित होने वाले विज्ञापन उपकरणों और आकृतियों से जुड़े नियमों में, जाति की पहचान बताने वाले चिह्नों को भी स्पष्ट रूप से शामिल कर लिया गया है।
 
इसके अलावा, नियम 138 के उप-नियम (2) के बाद एक नया उप-नियम (3) जोड़ा गया है। इस प्रावधान के अनुसार, किसी भी निजी वाहन पर कोई विज्ञापन उपकरण, जाति-सूचक चिह्न, आकृति या किसी भी प्रकार का टेक्स्ट प्रदर्शित नहीं किया जा सकता है। हालांकि, राज्य सरकार किसी सामान्य या विशेष आदेश के जरिए कुछ मामलों में छूट दे सकती है। इस संशोधन के साथ, निजी वाहनों पर जाति-आधारित शब्दों, चिह्नों या टेक्स्ट को प्रदर्शित करने की प्रथा अब नियमों के दायरे में आ गई है। इस फैसले के तहत मोटर वाहन नियमों में एक विशेष प्रावधान जोड़ा गया है, जो निजी वाहनों पर शब्दों और प्रतीकों के जरिए जाति-आधारित पहचान दिखाने को नियंत्रित करता है। इससे वाहनों पर क्या प्रदर्शित किया जा सकता है और क्या नहीं, इसे लेकर नियमों में और अधिक स्पष्टता आने की उम्मीद है।
 
हालांकि, राज्य सरकार किसी सामान्य या विशेष आदेश के माध्यम से जरूरी छूट दे सकती है। गौरतलब है कि इस संशोधन के लिए नियमों का मसौदा पहले ही 11 जून, 2026 को गुजरात सरकार के असाधारण राजपत्र (Extraordinary Gazette) में प्रकाशित किया गया था। इसके प्रकाशन के 30 दिनों के भीतर प्रभावित लोगों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए थे। चूंकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकार को कोई आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ, इसलिए अब अंतिम नियमों को अधिसूचित कर दिया गया है।
 
इस संशोधन के माध्यम से, राज्य सरकार ने मोटर वाहन नियमों में एक विशेष विनियामक प्रावधान शामिल किया है, जिसका उद्देश्य निजी वाहनों पर जाति की पहचान बताने वाले शब्दों और प्रतीकों के प्रदर्शन पर रोक लगाना है।