GST collections rose 8.8 percent in March to exceed ₹2 lakh crore.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सकल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह मार्च में 8.8 प्रतिशत बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया।
सरकार द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार यह वृद्धि घरेलू बिक्री एवं आयात से कर संग्रह बढ़ने के कारण हुई।
मार्च 2025 में सकल जीएसटी संग्रह 1.83 लाख करोड़ रुपये था।
आंकड़ों के अनुसार, घरेलू राजस्व 5.9 प्रतिशत बढ़कर 1.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया जबकि आयात से प्राप्त राजस्व 17.8 प्रतिशत बढ़कर 53,861 करोड़ रुपये रहा।
नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक मार्च के दौरान ‘रिफंड’ (प्रतिदाय) जारी करने की राशि 13.8 प्रतिशत बढ़कर 22,074 करोड़ रुपये हो गई।
‘रिफंड’ समायोजित करने के बाद शुद्ध जीएसटी राजस्व करीब 1.78 लाख करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर 8.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।
समूचे वित्त वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) में सकल जीएसटी राजस्व 8.3 प्रतिशत बढ़कर 22.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया।
‘रिफंड’ समायोजित करने के बाद शुद्ध राजस्व 7.1 प्रतिशत बढ़कर 19.34 लाख करोड़ रुपये रहा।