आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर सरकार केंद्र शासित प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से भविष्य उन्मुख सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) पार्क स्थापित करने जा रही है। इसकी शुरुआत शहर के बाहरी क्षेत्र स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जम्मू परिसर में नवाचार एवं अनुसंधान पार्क से होगी।
अधिकारियों ने बताया कि आईआईटी जम्मू के ‘बोर्ड ऑफ गवर्नर्स’ के पांच जनवरी 2026 को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी देने से इस पहल को और बढ़ावा मिला है। वहीं जम्मू-कश्मीर सरकार ने सहयोग के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति भी दे दी है।
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने इस परियोजना की व्यापक कार्ययोजना की समीक्षा की। इस परियोजना का उद्देश्य केंद्रशासित प्रदेश के प्रौद्योगिकी तंत्र को मजबूत करना, रोजगार के अवसर उत्पन्न करना और भविष्य की प्रौद्योगिकी चुनौतियों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमता विकसित करना है।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘ आईआईटी परिसर से शुरू होकर बाद में इसे केंद्र शासित प्रदेश के अन्य स्थानों तक विस्तारित करने के लिए नवाचार और अनुसंधान पार्क की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।’’
प्रस्ताव के अनुसार, यह परियोजना तीन चरणों में लागू की जाएगी। पहला चरण मई–जून 2026 में शुरू होगा। इस चरण के तहत आईआईटी जम्मू में मौजूद लगभग 50,000 वर्ग फुट निर्मित क्षेत्र को उन्नत कर सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार पार्क का संचालन शुरू किया जाएगा।