फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में हिंसा का सिलसिला खत्म करने को कहा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-04-2026
Farooq Abdullah asks Pakistan to end violence in Jammu and Kashmir
Farooq Abdullah asks Pakistan to end violence in Jammu and Kashmir

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 
 
 
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान को जम्मू-कश्मीर में हिंसा का सिलसिला खत्म करना चाहिए।
 
जम्मू-कश्मीर के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अब्दुल्ला ने कहा कि हालांकि आतंकवाद काफी हद तक कम हो गया है, लेकिन पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग मानने से इनकार करने से इस क्षेत्र में हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है।
 
अब्दुल्ला (88) ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘दोनों देशों, मेरे अपने देश और पाकिस्तान, को मेरी विनम्र सलाह यह है कि समय आ गया है। आइए, हम हिंसा का मार्ग त्यागकर शांति के रास्ते तलाशना शुरू करें ताकि हम सम्मान और गरिमा के साथ जी सकें।’’
 
पहलगाम आतंकी हमले पर उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र में भाईचारे को पुनर्जीवित करने के प्रयासों के लिए एक बड़ा झटका था। उन्होंने कहा कि इसने जम्मू-कश्मीर के लोगों को विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरने के लिए भी मजबूर किया। अब्दुल्ला ने कहा कि यह पाकिस्तान को एक स्पष्ट संदेश था कि आतंकवाद को अस्वीकार किया जा रहा है।
 
पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी।
 
उन्होंने कहा कि इस दर्द को केवल अपनों को खोने वाले परिवारों ने ही नहीं बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने भी महसूस किया।