Digital platform 'Saran' launched in six languages for the convenience of Sabarimala pilgrims
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के स्थानीय स्वशासन विभाग ने शबरिमला की वार्षिक तीर्थयात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए छह भाषाओं में एक डिजिटल मंच शुरू किया है, जिसके जरिए श्रद्धालुओं को यात्रा एवं उपलब्ध सुविधाओं संबंधी जानकारी और ताजा स्थानीय सूचनाएं मिल सकेंगी।
विभाग की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शाखा द्वारा विकसित ‘सारन’ (शबरिमला सहायता एवं मार्ग परामर्श नेटवर्क) नामक इस मंच की औपचारिक शुरुआत स्थानीय स्वशासन मंत्री के. एम. शाजी ने की। भगवान अयप्पा के मंदिर में 41 दिवसीय मंडलम तीर्थयात्रा की शुरुआत 17 नवंबर से हुई थी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस मंच के जरिए तीर्थयात्रियों को शबरिमला जाने वाले मार्गों पर स्थित विश्राम केंद्रों, बुनियादी सुविधाओं, यात्रा संबंधी सेवाओं और स्थानीय घोषणाओं की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी।
ये सेवाएं मलयालम, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी में उपलब्ध हैं, जिससे विभिन्न राज्यों के तीर्थयात्री भाषा संबंधी बाधा के बिना जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
तीर्थयात्री अपने मोबाइल के ब्राउजर से क्यूआर कोड (क्विक रिस्पॉन्स कोड) स्कैन करके इस मंच का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। वे इसे अपने मोबाइल की ‘होम स्क्रीन’ पर भी जोड़ सकते हैं।