Congress Gave the Country a ‘Red Corridor’, the Modi Government a ‘Growth Corridor’: Shiv Sena MP
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने अपनी मजबूरियों के चलते देश को ‘रेड कॉरिडोर’ दिया, लेकिन मोदी सरकार ने ‘ग्रोथ कॉरिडोर’ दिया है।
‘रेड कॉरिडोर’ देश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को कहा जाता है।
शिवसेना सांसद ने वामपंथी उग्रवाद से देश को मुक्त कराने के प्रयास पर चर्चा की शुरूआत करते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों और पिछड़ों पर ध्यान नहीं दिया, जिस कारण गरीब, किसान और पिछड़े समुदाय के लोग हथियार उठाने को मजबूर हुए।
उन्होंने कहा कि समय पर हस्तक्षेप कर देश में नक्सलवाद के प्रसार को रोका जा सकता था।
शिंदे ने 31 मार्च, 2026 तक देश से नक्सलवाद को उखाड़ फेंकने के गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प का संदर्भ दिया और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग कहते थे कि नक्सलवाद को खत्म नहीं किया जा सकता, उनके लिए यह एक करारा जवाब है।’’
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने समय सीमा तय की और उससे पहले देश को माओवाद से मुक्त करने के लिए प्रयास भी किया।
शिंदे ने कहा, ‘‘हमने आदिवासियों, कमजोर वर्गों के लोगों और पिछड़ों का विश्वास फिर से जीता है। उनकी बंदूके छीन कर उन्हें सशक्त किया है। आपने अपनी मजबूरियों के चलते देश को रेड कॉरिडोर दिया, लेकिन (नरेन्द्र) मोदी सरकार ने देश को ग्रोथ कॉरीडोर देने का काम किया है।’’
शिवसेना सांसद ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र का गडचिरौली जिला पूरी तरह से नक्सल मुक्त होने के कगार पर है।