चीन ने पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को अपने अंतरिक्ष स्टेशन भेजा, ‘शेनझोउ-24’ का सफल प्रक्षेपण

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
China sends first Pakistani astronaut to its space station, successful launch of 'Shenzhou-24'
China sends first Pakistani astronaut to its space station, successful launch of 'Shenzhou-24'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
चीन ने बुधवार को अपने मानवयुक्त अंतरिक्ष यान ‘शेनझोउ-24’ का सफल प्रक्षेपण किया, जिसमें पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली समेत तीन अंतरिक्ष यात्री सवार हैं। अली चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में भाग लेने वाले पहले विदेशी नागरिक हैं।
 
‘लॉन्ग मार्च-2एफ’ वाहक रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष यान को उत्तर-पश्चिमी चीन स्थित जीक्यूआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से रवाना किया गया। अधिकारियों ने प्रक्षेपण के कुछ ही मिनट बाद इसे सफल घोषित कर दिया।
 
चीन के अंतरिक्ष मिशन में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की भागीदारी दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किए जा रहे आयोजनों का हिस्सा है। दोनों देशों के बीच घनिष्ठ रक्षा एवं आर्थिक संबंध हैं।
 
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पाकिस्तान के उनके समकक्ष आसिफ अली जरदारी ने बुधवार को दोनों देशों के अंतरिक्ष यात्रियों के संयुक्त अंतरिक्ष मिशन पर एक-दूसरे को बधाई दी।
 
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, शी ने अपने संदेश में कहा कि चीन और पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा संयुक्त रूप से अंतरिक्ष अन्वेषण करना दोनों देशों की गहरी मित्रता का जीवंत उदाहरण होने के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
 
शी ने कहा कि चीन बाह्य अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को और प्रगाढ़ बनाने के लिए पाकिस्तान तथा अन्य देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
 
चीन की मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (सीएमएसए) ने बताया कि प्रक्षेपण के करीब 10 मिनट बाद अंतरिक्ष यान रॉकेट से अलग होकर अपनी निर्धारित कक्षा में प्रवेश कर गया। प्रक्षेपण का सीधा प्रसारण किया गया था। एजेंसी ने बताया कि सभी अंतरिक्ष यात्री स्वस्थ हैं।
 
अंतरिक्ष यात्रियों के दल में मिशन कमांडर एवं अंतरिक्ष यान के पायलट तांग होंगबो, उड़ान अभियंता वू यी और अली शामिल हैं। अली चीन के ‘तियांगोंग’ अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बने।