फवाद-माहिरा की पाकिस्तानी सीरीज रिलीज से पहले नेटफ्लिक्स को केंद्र की चेतावनी

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 27-11-2026
Centre issues warning to Netflix ahead of release of Fawad-Mahira's Pakistani series
Centre issues warning to Netflix ahead of release of Fawad-Mahira's Pakistani series

 

नई दिल्ली

 केंद्र सरकार ने नेटफ्लिक्स को निर्देश दिया है कि वह भारत में पाकिस्तान से बनने वाली सामग्री का प्रसारण न करे। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से 8 मई 2025 को जारी अपनी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में निर्मित कंटेंट को भारत में उपलब्ध नहीं कराने को कहा है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय को पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचाए हैं संग समेट लो' (Jo Bachay Hain Sang Samait Lo) के भारत में संभावित रिलीज को लेकर कई शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं। इसके बाद नेटफ्लिक्स को यह निर्देश दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से मई 2025 की एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। सरकार ने नेटफ्लिक्स को उस प्रतिबद्धता पर कायम रहने की भी याद दिलाई है, जो उसने पिछले साल जून में मंत्रालय को दी थी। उस समय नेटफ्लिक्स ने कहा था कि भारत में उसके ग्राहकों के लिए पाकिस्तान में निर्मित कोई फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई गई है।

इस मामले में नेटफ्लिक्स की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

क्या है 'जो बचाए हैं संग समेट लो' की कहानी?

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी' (All The Love Our Hearts Carry) नाम से प्रचारित यह सीरीज नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज बताई जा रही है। यह पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास पर आधारित रोमांटिक ड्रामा है।

सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, इक़रा अजीज, माया अली और बिलाल अशरफ सहित कई कलाकार नजर आएंगे।

मोमिना दुरैद द्वारा निर्मित इस सीरीज में प्रेम, दिल टूटने, रिश्तों और जिंदगी में दूसरे अवसर मिलने जैसे विषयों को दिखाया गया है। कहानी सिकंदर नाम के एक हार्वर्ड लॉ स्टूडेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक दर्दनाक अनुभव के बाद भावनात्मक रूप से खुद को दूसरों से अलग कर लेता है। वहीं, लीजा नाम की कलाकार भी अपनी जिंदगी की परेशानियों से जूझ रही होती है। दोनों की मुलाकात इटली में होती है, जिसके बाद उनकी जिंदगी में प्रेम और भावनात्मक बदलावों का सिलसिला शुरू होता है।

सीरीज का वैश्विक प्रीमियर नेटफ्लिक्स पर 4 दिसंबर 2026 को निर्धारित है।

भारत में पाकिस्तानी कंटेंट पर प्रतिबंध क्यों?

भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री को लेकर प्रतिबंधों की पृष्ठभूमि में यह नया घटनाक्रम सामने आया है।

8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और भारत में काम करने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म को पाकिस्तान से उत्पन्न कंटेंट तत्काल बंद करने की एडवाइजरी जारी की थी।

इस निर्देश के दायरे में फिल्में, वेब सीरीज, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल सामग्री शामिल थीं। यह प्रतिबंध इस बात से स्वतंत्र था कि सामग्री मुफ्त उपलब्ध है या भुगतान वाली सदस्यता के जरिए।

यह एडवाइजरी 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद जारी की गई थी। इस हमले में कई लोगों की जान गई थी और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कारणों का हवाला देते हुए मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 के प्रावधानों के तहत यह कदम उठाया था।

अब 'जो बचाए हैं संग समेट लो' की संभावित भारतीय रिलीज को लेकर नेटफ्लिक्स को भेजे गए संदेश में सरकार की यही एडवाइजरी प्रमुख आधार बनी हुई है।