आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जनकेंद्रित मुद्दों तथा एक सुरक्षित और विकासोन्मुखी राज्य को प्रतिबिंबित करेगा।
भाजपा नेता ने बताया कि घोषणापत्र का मसौदा तैयार करने के लिए पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन की अध्यक्षता में गठित 13 सदस्यीय समिति वर्तमान में हितधारकों से परामर्श करने और छोटे व्यापारियों से लेकर उद्योगपतियों तक, सभी वर्गों से बातचीत कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई कल्याणकारी उपायों पर भी विचार किया जा रहा है।
भाजपा नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारे दृष्टि पत्र में कृषि और ग्रामीण कल्याण, मंदिर सुधार, शासन, शिक्षा और युवा कल्याण तथा कई अन्य मुद्दों पर महत्वपूर्ण वादे किये जाएंगे। फिलहाल हम जनता के सभी वर्गों से परामर्श कर रहे हैं और अंतिम मसौदा जल्द तैयार हो जाएगा।’’
भाजपा ने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले ‘थमरैयिन थोलाइनोक्कू’ (कमल दृष्टि) शीर्षक से घोषणापत्र जारी किया था और इस बार पार्टी ने जनता की राय जानने के लिए ‘मक्कलुक्कगा मक्कलिदामिरुंधु’ (जनता के लिए, जनता से) नाम से राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है।
इससे पहले, सुंदरराजन ने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में चुनावी घोषणापत्र समिति की बैठक की अध्यक्षता की और आगामी चुनाव के लिए प्रमुख सुझावों तथा जन-केंद्रित विचारों पर चर्चा की।