AIADMK ahead in Dharapuram and TVK in Madurantakam in Tamil Nadu, AINRC leading in Puducherry
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु में छह अक्टूबर को हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को जैसे-जैसे आगे बढ़ी, शुरुआती दौर में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से पिछड़ रही अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने धारापुरम सीट पर बढ़त बना ली, जबकि मदुरांतकम सीट पर वह द्रमुक को पछाड़कर दूसरे स्थान पर आ गई।
पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) लगातार कांग्रेस और द्रमुक प्रत्याशियों से आगे है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, तमिलनाडु में ईवीएम में दर्ज मतों की शुरुआती गिनती में दोनों सुरक्षित सीट पर सत्तारूढ़ टीवीके को शुरुआती बढ़त मिलने के संकेत मिले थे। हालांकि, तीन दौर की मतगणना के बाद धारापुरम सीट पर अन्नाद्रमुक की के. भानुमति 8,244 वोट हासिल कर शीर्ष पर पहुंच गईं, जबकि टीवीके उम्मीदवार पी. सत्यभामा 7,434 मत के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गईं। द्रमुक की एस. सुगन्या 6,158 मत के साथ तीसरे स्थान पर पिछड़ रही थीं।
वहीं, मदुरांतकम सीट पर टीवीके उम्मीदवार मरगथम कुमारवेल लगातार अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। दूसरे स्थान पर अन्नाद्रमुक की कनिथा संपत आ गई हैं, जबकि द्रमुक के आई. परंथामन तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
मदुरांतकम में दूसरे दौर की गिनती तकनीकी खराबी के कारण थोड़ी देर के लिए रुक गई थी, जिसे बाद में फिर शुरू कराया गया।