आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, विकास और प्रगति में उनके योगदान की सराहना की।
आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ''गुजरात वासियों को गुजरात राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लौह पुरुष ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल की इस पावन धरती ने देश को एकता, स्वावलंबन और सेवा का मार्ग दिखाया है।''
उन्होंने कहा कि उद्यम, उत्साह एवं सृजन की यह पावन धरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में विकास एवं समृद्धि के नित नूतन प्रतिमान स्थापित करे, समृद्धि के सुपथ पर गतिमान रहे, भगवान श्री सोमनाथ जी से यही प्रार्थना है।
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र को कड़ी मेहनत, वीरता और प्रगति की भूमि बताते हुए महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा,''परिश्रम, पराक्रम और प्रगति की अद्भुत धरा महाराष्ट्र राज्य के स्थापना दिवस पर समस्त महाराष्ट्र वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।''