जयपुर में द्रव्यवती नदी के किनारे यातायात गलियारा बनाने के लिए बनेगी परियोजना रिपोर्ट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-03-2026
A project report will be prepared for the construction of a traffic corridor along the banks of the Dravyavati River in Jaipur.
A project report will be prepared for the construction of a traffic corridor along the banks of the Dravyavati River in Jaipur.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बढ़ते यातायात के बीच सरकार द्रव्यवती नदी के किनारे 'एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर' की संभावना तलाश रही है। सरकार ने इसके लिए परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने को मंजूरी दी है।
 
अधिकारियों ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण की परियोजना कार्य कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की बैठक में इसकी मंजूरी दी गई।
 
कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और नयी विकास योजनाओं को गति देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर करोड़ों रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गईं।
 
एक आधिकारिक बयान के अनुसार बैठक में जयपुर शहर में यातायात के दबाव को कम करने और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए द्रव्यवती नदी के साथ प्रस्तावित 'एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर' की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए छह करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना के क्रियान्वयन से शहर में यातायात की सुगमता बढ़ने और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।
 
बयान के अनुसार इसी क्रम में द्रव्यवती नदी पर चार स्थानों पर सुगम आवागमन करने के उद्देश्य से 'बॉक्स कल्वर्ट' बनाने के लिए 16.67 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई।
 
वहीं खेल अवसंरचना को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए द्रव्यवती नदी के किनारे आधुनिक 'स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' के निर्माण एवं विकास के लिए 7.90 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई।