आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि ‘‘गोलियों का जवाब गोलियों से दिया जाएगा’’। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार मुंबई में गैंगवार बर्दाश्त नहीं करेगी।
शिंदे रविवार देर रात मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित श्रॉफ के घर पहुंचे। उन्होंने 36 वर्षीय अभिनेता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, उनके चिंतित परिवार को ढांढस बंधाया और गोलीबारी की घटना के बाद उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा दिलाया।
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। इस हमले में अभिनेता तो सुरक्षित बच गए लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि पुलिस ने अब तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद शिंदे ने पत्रकारों से कहा कि अब आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को एक बार फिर जड़ से खत्म करने का समय आ गया है। उन्होंने 1990 के दशक में मुंबई में गिरोहों के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘इनकी जड़ें 1990 के दशक में पनपी थीं, जब गिरोहों के बीच हिंसा का बोलबाला था। अब समय आ गया है कि इन्हें फिर से उसी तरह उखाड़ फेंका जाए।’’
श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बारे में पूछे जाने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जैसे को तैसा जवाब मिलेगा, गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।’’
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और अन्य आपराधिक गिरोहों द्वारा मशहूर हस्तियों को दी जा रही धमकियों की खबरों पर उन्होंने कहा कि सरकार जानेमाने लोगों को डराने-धमकाने या मुंबई और महाराष्ट्र में आपराधिक गिरोहों का दबदबा कायम करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी।