‘रामायण’ फिल्म में रावण का किया गया है महिमामंडल, सेंसर बोर्ड प्रमाणपत्र रद्द करे : विहिप

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
Ravana has been glorified in the film 'Ramayana', the censor board should cancel the certificate: VHP
Ravana has been glorified in the film 'Ramayana', the censor board should cancel the certificate: VHP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने फिल्म ‘रामायण’ के निर्माताओं पर राक्षस राज रावण का महिमामंडन करने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश करने का आरोप लगाते हुए सेंसर बोर्ड की ओर से जारी प्रमाण पत्र रद्द करने और इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की शनिवार को मांग की।

विहिप के महासचिव बजरंग लाल बागड़ा ने फिल्म ‘रामायाण’ के रिलीज होने के कुछ दिनों बाद महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित महाकाव्य से इतर कई तथ्यों को ‘तोड़-मरोड़’ कर पेश करने और ‘मनगढ़ंत’ घटनाओं को शामिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कई महत्वपूर्ण पात्रों को जानबूझकर हटाने का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
 
बागड़ा ने एक बयान में कहा कि यह फिल्म भगवान राम के एक अरब से अधिक हिंदू भक्तों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करके एक राजनीतिक विमर्श को बढ़ावा देने का प्रयास करती है।
 
उन्होंने कहा कि भगवान राम के सार्वभौमिक चरित्र के अभिन्न हिस्सा रहे अहिल्या का उद्धार, निषादराज गुह से मित्रता और केवट की भक्ति जैसी घटनाओं का फिल्म में कोई जिक्र तक नहीं किया गया है।
 
विहिप महासचिव ने कहा,‘‘इसके बजाय, भगवान राम के समाज के शत्रुओं और ऋषियों-मुनियों की आध्यात्मिक साधनाओं, यज्ञों व गुरुकुलों में बाधा डालने वाले राक्षसों का विनाश करने के अभियान को एक ऐसे व्यक्तिगत संघर्ष के रूप में दिखाया गया है, जो उनकी पत्नी के अपहरण के बदले की भावना से प्रेरित था।’’
 
बागड़ा ने आरोप लगाया कि यह फिल्म अहंकारी रावण का महिमामंडन करके और उसे पीड़ितों के उद्धारक के रूप में दिखाकर एक राजनीतिक विमर्श गढ़ने की कोशिश करती है।
 
विहिप नेता ने कहा कि रावण, ज्ञान, भक्ति और शक्ति के शिखर पर होने के बावजूद, अनैतिक था क्योंकि उसने अहंकार के वशीभूत होकर सृष्टि के हर जीव को आतंकित और प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा, ‘‘रामायण के हर संस्करण में इस बात का स्पष्ट वर्णन मिलता है।’’
 
विहिप महासचिव ने कहा कि इस फिल्म ने उन लाखों हिंदुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है, जिनकी भगवान राम और रामायण में गहरी आस्था है और यह एक ऐसी परंपरा जो कई हजार वर्षों से चली आ रही है।