पारिवारिक मनुरंजन रिव्यू: सादगी भरी प्रेम कहानी, कमजोर पटकथा

Story by  मंजीत ठाकुर | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
Film Review – Family Entertainment: A good, simple love story, though it could have been even better.
Film Review – Family Entertainment: A good, simple love story, though it could have been even better.

 

-मंजीत ठाकुर

हिंदी सिनेमा में इन दिनों एक अजीब किस्म की होड़ दिखाई देती है. हर फिल्म दर्शक को चौंकाना चाहती है. कहीं हिंसा है, कहीं रहस्य, कहीं बड़े-बड़े संवाद और कहीं कहानी से ज्यादा कहानी का शोर. ज्यादातर फिल्में अपने संवादों को रील का कंटेंट बनाना चाहती हैं.

ऐसे में, पारिवारिक मनुरंजन फिल्म धीमे-धीमे, शाइस्तगी से रोमांस के रंग बिखेरती है. प्रेम के मामले में यह फिल्म दिल्ली वाली ‘दौलत की चाट’ है. फेंटी हुई मलाई की तरह, हल्की मिठास, जो मुंह में डालते ही घुल जाती है.

पंकज त्रिपाठी की फिल्म ‘पारिवारिक मनुरंजन’ पिछले 13नवंबर को सोनी लिव ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई है. यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हुई है.यह एक ऐसी प्रेम कहानी है जिसमें नायक चालीस की उम्र पार कर चुका है और नायिका उसके घर में हाउसकीपिंग का काम करने आती है.

फिल्म की कहानी लखनऊ में घटती है. रंजन दुबे (पंकज त्रिपाठी) एक अविवाहित सरकारी कर्मचारी है. पुश्तैनी मकान में अकेला रहता है. अपनी बहनों की शादियां निपटाने में उसने जिंदगी का बड़ा हिस्सा गुजार दिया है. अब परिवार और आसपास के लोगों को उसकी शादी की चिंता है.

रंजन की जिंदगी में तब बदलाव आता है जब मनु उर्फ हेलेन (अदिति राव हैदरी) उसके घर में हाउस मैनेजर बनकर दाखिल होती है. वह घर को व्यवस्थित करती है और धीरे-धीरे रंजन की बेतरतीब जिंदगी में भी एक व्यवस्था आने लगती है.

dd

यहां से फिल्म एक असामान्य प्रेम कहानी की तरफ बढ़ती है. दो ऐसे लोग, जिनकी सामाजिक और आर्थिक हैसियत में अंतर है, एक-दूसरे के करीब आते हैं. लेकिन इस रिश्ते को लेकर परिवार और मोहल्ले के लोगों की अपनी धारणाएं हैं.

फिल्म का सबसे खूबसूरत हिस्सा यही है कि यह प्रेम को किसी उम्र या सामाजिक स्थिति की सीमा में बांधकर नहीं देखती. किसी के जीवन में प्रेम का प्रवेश चालीस की उम्र में भी हो सकता है. किसी को अपने घर में एक साथी की जरूरत हो सकती है और किसी को एक सुरक्षित ठिकाने की.

प्रेम की ये छोटी-छोटी जरूरतें फिल्म को एक मानवीय आधार देती हैं. बेशक, इस फिल्म को कॉमिडी यानी हास्य फिल्मों की श्रेणी में रखा गया है, पर फिल्म हंसाती नहीं है. यह आपको मुस्कुराने के मौके देती है.शायद इसकी वजह यह भी हो सकती है कि हंसने के मामले में हमलोग कपिल शर्मा, समय रैना, जाकिर खान या बाकी स्टैंड-अप कॉमिडियन्स के खब्ती किस्म के मजाकों, उनके रुखड़े लतीफों और फब्तियों के आदी हो चुके हैं.

और यही वजह है कि इस फिल्म में आपको सहज विनोद (हास्य नहीं) के मौके मिलेंगे, जो आपको अपने कस्बाई दिनों की याद दिलाएं. सहज, सरल विनोद. फिल्म कहीं से भी लाउड नहीं है. पंकज त्रिपाठी इस भूमिका में सहज हैं.

हाल में, फिल्म के रूप में आई मिर्जापुर में कालीन भैया के रूप में त्रिपाठी के हौलनाक तेवरों के बाद, उन्हें इस किरदार में उनको प्रेम में गुदगुदाते देखना प्रसन्न करता है.उनकी अभिनय शैली में एक ऐसी घरेलू आत्मीयता है जो रंजन के किरदार को विश्वसनीय बनाती है. वह बहुत कुछ कहे बिना भी अपनी असहजता, संकोच और खुशी जाहिर कर देते हैं. खासकर जब वह मनु के सामने पड़ते हैं तो उनके चेहरे पर आने वाले भाव और संवादों की अदायगी मुस्कराने पर मजबूर करती है.

अदिति राव हैदरी भी अपने किरदार में एक खास तरह की नजाकत लेकर आती हैं. उनकी मौजूदगी फिल्म को एक सौम्य रोमांटिक रंग देती है. दोनों कलाकारों की जोड़ी असामान्य जरूर है, लेकिन उसमें एक किस्म की सहजता है. बृजेंद्र काला और सुनीता राजभर जैसे कलाकार भी फिल्म में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं.

लेकिन दिक्कत यह है कि फिल्म जिस दिलचस्प विचार के साथ शुरू होती है, पटकथा उसका पूरा फायदा नहीं उठा पाती.रंजन और मनु के बीच पनपते रिश्ते में कई सुंदर मौके हैं जहां प्रेम तिलिस्मी नहीं है, शोर-शराबे वाला नहीं है. बल्कि दूध में घुलते शहद की तरह धीमे मीठेपन का अहसास कराती है.

 कहानी को और गहराई मिल सकती थी. दो अजनबियों का एक ही छत के नीचे रहना, उनके बीच सामाजिक दूरी, घरेलू कामकाज के बहाने बनने वाली निकटता और मोहल्ले की निगाहें-ये सब अपने आप में दिलचस्प सिनेमाई संभावनाएं हैं. मगर फिल्म इन संभावनाओं को पर्याप्त विस्तार नहीं देती, यकीन मानिए गहराई में न जाना ही इस फिल्म की खासियत है.

कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, उसका घटनाक्रम अनुमान के दायरे में आने लगता है. फिल्म का दूसरा हिस्सा उस सहजता को भी खोने लगता है जो शुरुआत में आकर्षित करती है.एक दूसरी समस्या इसके पारिवारिक मनोरंजन की अवधारणा में भी है. परिवार के नाम पर फिल्म कई बार सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देने से बचती हुई दिखाई देती है. विवाह, स्त्री की सामाजिक स्थिति और घरेलू काम करने वाली महिला के प्रति नजरिये जैसे विषयों को छूने के बावजूद फिल्म उनके भीतर उतरने का साहस नहीं जुटा पाती.

फिल्म में उन विषयों पर हौली-सी, सहलाती हुई टिप्पणियां भर हैं.निर्देशक वरुण वी. शर्मा के पास अच्छे कलाकार हैं, एक खूबसूरत शहर है और एक ऐसा विषय है जिसमें हास्य, रोमांस और सामाजिक टिप्पणी की गुंजाइश है. लेकिन शर्मा ने फीलगुड फिल्म बनाने का फैसला किया.

एक अस्थायी किस्म का विलेन भी है फिल्म में. पर बाद में वह किसी को याद नहीं रहेंगे.‘पारिवारिक मनुरंजन’ बुरी फिल्म नहीं है. इसमें कुछ अच्छे दृश्य हैं, कुछ प्यारे संवाद हैं और पंकज त्रिपाठी का अभिनय है. लेकिन अच्छी फिल्म होने और देखने लायक फिल्म होने में फर्क होता है. यह फिल्म दूसरे खांचे में ज्यादा फिट बैठती है.

इसे देखते हुए बार-बार लगता है कि कहानी में कुछ और मेहनत की जाती, किरदारों को थोड़ा और खुलने दिया जाता और प्रेम के साथ जुड़े सामाजिक सवालों को थोड़ा और साहस मिलता, तो यह एक यादगार और बेहतर फिल्म हो सकती थी.फिलहाल, यह एक हल्की-फुल्की प्रेम कहानी है.

कलाकार: पंकज त्रिपाठी, अदिति राव हैदरी, बृजेंद्र काला, सुनीता राजभर, मुकेश तिवारी

निर्देशक: वरुण वी. शर्मा

ओटीटी प्लेटफॉर्म: सोनी लिव

dd