नाना पाटेकर का निधन भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बड़ी क्षति: भाजपा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-10-2026
Nana Patekar's death a big loss to the Indian film industry: BJP
Nana Patekar's death a big loss to the Indian film industry: BJP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह एवं नितिन गडकरी समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि पाटेकर अपने आप में एक संस्थान थे जिन्होंने कई किरदारों को अमर बना दिया।

पाटेकर का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। अस्पताल से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शेखर सालकर ने बताया कि 75 वर्षीय अभिनेता को पणजी के पास डोना पाउला स्थित अपने अपार्टमेंट में बेहोश पाए जाने के बाद एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें सुबह पांच बजकर 10 मिनट पर मृत घोषित कर दिया गया।
 
रक्षा मंत्री सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘वह अपनी बेहतरीन ‘कॉमिक टाइमिंग’ से दर्शकों को हंसा सकते थे, वहीं ‘अंकुश’, ‘प्रहार’ और ‘क्रांतिवीर’ जैसी फिल्मों में उन्होंने ऐसी सहजता और गंभीरता दिखाई, जिसने हर किरदार को अविस्मरणीय बना दिया। उनकी आवाज, उनका व्यक्तित्व और बिल्कुल अलग-अलग किरदारों में खुद को ढाल लेने की क्षमता उन्हें वास्तव में विशिष्ट बनाती थी।’’
 
सिंह ने कहा कि पाटेकर ‘‘महज एक अभिनेता’’ नहीं बल्कि ‘‘अपने आप में एक संस्थान’’ थे। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में पाटेकर का योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।