नगा फिल्म ‘अंग’ ने टीआईएफएफ में प्लेटफॉर्म पुरस्कार जीता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-09-2026
Naga film 'Aang' wins Platform Award at TIFF
Naga film 'Aang' wins Platform Award at TIFF

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 नगालैंड की पृष्ठभूमि पर बनी निर्देशक तेजा रियो की पहली फीचर फिल्म ‘अंग’ ने टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) 2026 की प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म प्रतियोगिता जीत ली है। इसके साथ ही यह फिल्म 2027 के ऑस्कर में अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए स्वतः पात्र हो गई है।
 
इस साल टीआईएफएफ की प्लेटफॉर्म प्रतियोगिता के लिए चुनी गई यह इकलौती भारतीय फिल्म थी और रविवार को इसने प्रतियोगिता का सर्वोच्च पुरस्कार जीता। टीआईएफएफ के प्रमुख प्रतियोगिता वर्गों में से एक, ‘प्लेटफॉर्म’, फिल्म महोत्सव की ऐसी प्रतियोगिता है जिसमें निर्देशक की विशिष्ट शैली और दमदार निर्देशन के साथ अलग तरह की कहानी कहने वाली फिल्मों को शामिल किया जाता है।
 
इस साल से प्लेटफॉर्म प्रतियोगिता के विजेता को अकादमी पुरस्कारों की अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में विचार के लिए स्वतः पात्रता मिल जाती है।
 
1960 के दशक के नगालैंड की पृष्ठभूमि पर बनी ‘अंग’ कोन्याक गांव के एक उम्रदराज मुखिया और उनके बेटे की कहानी है। दोनों ऐसे समय में अपनी पैतृक आस्था और जीवनशैली को बचाए रखने वाले आखिरी लोगों में शामिल हैं, जब उनके आसपास की दुनिया में बड़े बदलाव हो रहे हैं। रियो ने इसी नाम की अपनी 2021 में आई लघु फिल्म के आधार पर इसका निर्माण किया है।