फिल्म निर्माता की ऑस्कर ट्रॉफी गुम हुई, न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर सुरक्षाकर्मियों ने हथियार समझा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-05-2026
Filmmaker loses Oscar trophy, mistook for weapon by New York airport security
Filmmaker loses Oscar trophy, mistook for weapon by New York airport security

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अकादमी पुरस्कार प्राप्त वृत्तचित्र ‘मिस्टर नोबडी अगेंस्ट पुतिन’ के सह-निर्देशक एवं रूसी फिल्म निर्माता पावेल तालांकिन की ऑस्कर ट्रॉफी तब गुम हो गई जब न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें इसके साथ उड़ान भरने से रोक दिया।
 
इस साल के अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ फीचर वृत्तचित्र का पुरस्कार जीतने वाली फिल्म ‘मिस्टर नोबडी अगेंस्ट पुतिन’ में मुख्य भूमिका निभाने वाले तालांकिन ने बताया कि बुधवार को जॉन एफ केनेडी हवाई अड्डे पर एक अधिकारी ने उनसे कहा कि वह लगभग 3.8 किलोग्राम वजनी ट्राफी को विमान में अपने साथ नहीं रख सकते।
 
उन्होंने कहा कि मार्च में ऑस्कर जीतने के बाद से वह बिना किसी घटना के एक दर्जन से अधिक बार ट्रॉफी के साथ हवाई यात्रा कर चुके हैं।
 
लुफ्थांसा की उड़ान से बृहस्पतिवार सुबह जर्मनी के फ्रैंकफर्ट पहुचे तालांकिन ने कहा, ‘‘यह बात पूरी तरह से समझ से परे है कि वे ऑस्कर (ट्रॉफी) को हथियार कैसे मानते हैं... (मैंने) इसे अपने साथ कैबिन में लेकर यात्रा की है, और कभी कोई समस्या नहीं हुई।’’
 
उन्होंने कहा कि जांच बिंदु पर मौजूद लुफ्थांसा एयरलाइन के एक एजेंट ने उन्हें गेट तक ले जाने और उड़ान की पूरी अवधि के लिए ट्राफी को रखने की पेशकश की, लेकिन सुरक्षा अधिकारी ने इनकार कर दिया।
 
तालांकिन ने कहा कि ऑस्कर ट्रॉफी को कॉकपिट में रखने के प्रस्ताव को भी हवाई अड्डे के सुरक्षा अधिकारियों और लुफ्थांसा के एक पर्यवेक्षक ने खारिज कर दिया।
 
उन्होंने फिल्म के कार्यकारी निर्माता रॉबिन हेसमैन से संपर्क कर हवाई अड्डे के सुरक्षा अधिकारियों और एयरलाइन कर्मचारियों के साथ अपनी बातचीत के दौरान अनुवाद में मदद करने को कहा।
 
कोई विकल्प न होने के कारण, तालांकिन को पुरस्कार को कार्गो के रूप में दर्ज करने के लिए कहा गया।
 
अपने सामान की पहले ही जांच करा चुके फिल्म निर्माता को एयरलाइन अधिकारियों द्वारा गत्ते का डिब्बा दिया गया, और फिर दो एजेंटों ने ऑस्कर ट्रॉफी को ‘बबल रैप’ में लपेटा तथा उसे परिवहन के लिए ले गए। इस पूरी प्रक्रिया को तालांकिन ने अपने फोन में रिकॉर्ड किया।
 
हालांकि, जब फिल्म निर्माता फ्रैंकफर्ट पहुंचे, तो वह डिब्बा कहीं नहीं मिला।
 
हेसमैन ने कहा, ‘‘उन्होंने (तालांकिन) आज सुबह फ्रैंकफर्ट से मुझे फोन किया और बताया कि लुफ्थांसा के पास वह नहीं है। उन्होंने उसे (ट्रॉफी) खो दिया है।’’