सूरज बड़जात्या की बेटी ईशा की शादी में सलमान-आमिर समेत कई दिग्गजों ने की शिरकत

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 13-03-2026
Bollywood Stars Gather at the Wedding of Sooraj Barjatya's Daughter Isha; Many Legends, Including Salman and Aamir, Attend.
Bollywood Stars Gather at the Wedding of Sooraj Barjatya's Daughter Isha; Many Legends, Including Salman and Aamir, Attend.

 

मुंबई

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सूरज बड़जात्या की बेटी ईशा बड़जात्या की शादी का जश्न मुंबई में बेहद भव्य और सितारों से सजा हुआ रहा। इस खास मौके पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारे एक साथ नजर आए और समारोह को यादगार बना दिया।

शादी के समारोह में फिल्म उद्योग के कई दिग्गज कलाकारों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। रंग-बिरंगे लहंगों, खूबसूरत साड़ियों और आकर्षक सूट में सजे सितारों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सूरज बड़जात्या ने भी मीडिया के सामने दूल्हा-दुल्हन के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

समारोह में सूरज बड़जात्या क्लासिक ब्लैक सूट में नजर आए। वहीं उनकी बेटी ईशा बड़जात्या चमकदार साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखीं, जबकि उनके पति डार्क ब्लू सूट और रेड टाई में दिखाई दिए।

इस भव्य समारोह में सलमान खान की एंट्री ने खास ध्यान खींचा। वह क्लासिक सूट में बेहद स्टाइलिश अंदाज में पहुंचे और मीडिया के सामने मुस्कुराते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं। सलमान खान का सूरज बड़जात्या के साथ लंबा संबंध रहा है। उन्होंने बड़जात्या की कई हिट फिल्मों जैसे ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ में काम किया है।

इस मौके पर आमिर खान भी अपने बेटे जुनैद खान के साथ समारोह में शामिल हुए। आमिर खान सादगी भरे लेकिन आकर्षक सूट में नजर आए।

अभिनेत्री रानी मुखर्जी भी समारोह में पारंपरिक अंदाज में पहुंचीं। उन्होंने हल्के नीले रंग का कुर्ता सेट पहना हुआ था, जिसे उन्होंने लंबे इयररिंग्स और मैचिंग पोटली के साथ स्टाइल किया। उनके इस लुक की काफी चर्चा रही।

अभिनेता विक्की कौशल भी अपने पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। इसके अलावा अनिल कपूर और अनुपम खेर भी साथ में समारोह में शामिल हुए।

शादी में बोमन ईरानी, नीना गुप्ता, जैकी श्रॉफ, बोनी कपूर, सोनाली बेंद्रे, राकेश रोशन, गायक शान, नीलम कोठारी, अमृता राव, रेखा और समीर सोनी जैसे कई अन्य सितारे भी नजर आए।

वहीं काम के मोर्चे पर सूरज बड़जात्या इन दिनों अभिनेता अनुपम खेर के साथ एक नई फिल्म पर काम कर रहे हैं। यह अनुपम खेर के करियर की 549वीं फिल्म बताई जा रही है। हालांकि फिल्म के शीर्षक, कहानी और अन्य कलाकारों के बारे में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।