मुंबई।
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की आगामी फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ में दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री दर्शकों का ध्यान खींच रही है। अब इस गाने के कोरियोग्राफर पीयूष भगत ने शूटिंग के दौरान के कुछ खास पल सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। इन तस्वीरों के जरिए प्रशंसकों को कैमरे के पीछे की गतिविधियों की झलक देखने को मिली है।
पीयूष भगत ने रविवार को सोशल मीडिया पर तस्वीरों की एक श्रृंखला साझा की। उन्होंने शाजिया सामजी के साथ मिलकर इस गाने को कोरियोग्राफ किया है। तस्वीरें फिल्म की केपटाउन में हुई शूटिंग के दौरान की हैं। इनमें कलाकारों और फिल्म की पूरी टीम के साथ सेट पर बिताए गए कुछ खुशनुमा पलों को भी देखा जा सकता है।
पीयूष ने तस्वीरों के साथ शाहरुख खान से जुड़ा एक दिलचस्प कैप्शन भी लिखा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि एक खास शॉट में शाहरुख खान को कार के अंदर बने बूथ से शूट किया गया था। उन्होंने लिखा, "हमने इस कार बूथ से एसआरके का शॉट लिया था। (जाहिर है... मोबाइल फोन से नहीं)।"
गौरतलब है कि ‘तू मिल जाए’ गाना 2 नवंबर को शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के अवसर पर रिलीज किया गया था। इस गाने में शाहरुख और दीपिका की रोमांटिक जोड़ी की झलक दिखाई गई है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
इस गाने को अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है। इसके अंग्रेजी रैप के बोल एड शीरन ने लिखे हैं। संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है, जबकि गाने के बोल कुमार ने लिखे हैं।
फिल्म ‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स इसके निर्माता हैं। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।