Tata Steel plans to increase its production capacity in India to 50 million tonnes: T.V. Narendran
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टीवी नरेंद्रन ने कहा कि कंपनी अगले दशक में भारत में अपनी सालाना इस्पात उत्पादन की क्षमता को बढ़ाकर पांच करोड़ टन करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। कंपनी देश में इस्पात की बढ़ती मांग का लाभ उठाने के लिए महाराष्ट्र में 1.5 करोड़ टन क्षमता वाला नया संयंत्र लगाने की संभावना भी तलाश रही है।
कंपनी की मौजूदा सालाना उत्पादन क्षमता करीब 2.7 करोड़ टन है। उसका मानना है कि उसके मौजूदा विनिर्माण संयंत्रों में ही क्षमता को बढ़ाकर पांच करोड़ टन किया जा सकता है। वहीं, जारी परियोजनाओं के अलावा महाराष्ट्र भी वृद्धि का एक प्रमुख केंद्र बन सकता है।
नरेंद्रन ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमारे पास चार करोड़ टन क्षमता तक पहुंचने का खाका है। हमें यह भी पता है कि मौजूदा संयंत्रों की क्षमता पांच करोड़ टन तक बढ़ाई जा सकती है, इसलिए यह स्पष्ट है। इसका रास्ता साफ है। हमें तय करना है कि हम कितनी तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम पांच और 10 साल आगे की सोच रहे हैं। हम तेजी से वृद्धि कैसे कर सकते हैं, इसके लिए रास्ता कैसे तैयार करें? ऐसा नहीं है कि हम रातोंरात 2.7 करोड़ टन से बढ़कर छह या सात करोड़ टन पर पहुंच जाएंगे।’’