अमेज़न इंडिया ने छह शहरों में शुरू की घर पर डायग्नॉस्टिक सेवा, 60 मिनट में सैंपल कलेक्शन

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 22-06-2025
Amazon India launches home diagnostic service in six cities, sample collection in 60 minutes
Amazon India launches home diagnostic service in six cities, sample collection in 60 minutes

 

नई दिल्ली

अमेज़न इंडिया ने रविवार को अमेज़न डायग्नॉस्टिक्स सेवा की शुरुआत की, जिसके तहत ग्राहक अब अपने घर बैठे लैब टेस्ट बुक कर सकते हैं, समय निर्धारित कर सकते हैं और डिजिटल रिपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा फिलहाल छह प्रमुख शहरों — बेंगलुरु, दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, मुंबई और हैदराबाद — के 450 से अधिक पिनकोड में उपलब्ध है।

कंपनी ने एक बयान में बताया कि यह सेवा ऑरेंज हेल्थ लैब्स के साथ साझेदारी में शुरू की गई है और इसमें 60 मिनट के भीतर नमूना संग्रहण की सुविधा के साथ 800 से अधिक डायग्नॉस्टिक परीक्षण शामिल हैं।

इस पहल के साथ, अमेज़न ने अपनी मौजूदा फार्मेसी और क्लीनिक सेवाओं को अमेज़न मेडिकल ब्रांड के तहत एकीकृत किया है।

अमेज़न ने कहा, “यह विस्तार हमारी फार्मेसी और क्लिनिक सेवाओं पर आधारित है और अमेज़न मेडिकल की नींव को मजबूत करता है। अमेज़न फार्मेसी के ज़रिये ग्राहक स्वास्थ्य उत्पादों और दवाइयों की व्यापक रेंज तक पहुंच सकते हैं, साथ ही प्राइम और गैर-प्राइम सदस्यों को मुफ़्त टेलीमेडिसिन परामर्श और डिलिवरी की सुविधाएं भी मिलती हैं।”

इसके अलावा, अमेज़न क्लिनिक सेवा के तहत ग्राहक डिजिटल माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए पंजीकृत डॉक्टरों से परामर्श ले सकते हैं।