अदाणी एनर्जी को पश्चिम बंगाल में 2,500 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति का ठेका मिला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
Adani Energy bags contract to supply 2,500 MW of renewable energy in West Bengal
Adani Energy bags contract to supply 2,500 MW of renewable energy in West Bengal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने शनिवार को कहा कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (पीटीएसएल) को पश्चिम बंगाल में नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति करने का ठेका मिला है।

इस परियोजना के तहत एईएसएल पश्चिम बंगाल की बिजली वितरण कंपनी डब्ल्यूबीएसईडीसीएल को 25 वर्षों के लिए 2,500 मेगावाट तक नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति करेगी।
 
एईएसएल ने एक बयान में कहा कि पश्चिम बंगाल राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (डब्ल्यूबीएसईडीसीएल) से मिला आवंटन पत्र (एलओए) 25 वर्षों के लिए 24 घंटे 1,750 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति के लिए है। इस एलओए में 750 मेगावाट का अतिरिक्त क्षमता का विकल्प भी शामिल है, जिसका उपयोग करने पर कुल अनुबंधित क्षमता 2,500 मेगावाट हो जाएगी।
 
बयान में कहा गया कि यह ठेका एक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद मिला है और 1,750 मेगावाट क्षमता के लिए बिजली आपूर्ति एक जुलाई, 2028 से शुरू होने की योजना है।
 
एईएसएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कंदर्प पटेल ने कहा, ''24 घंटे नवीकरणीय बिजली भारत के ऊर्जा परिवर्तन के लिए अहम होगी, जो नवीकरणीय ऊर्जा की स्थिरता और पारेषण प्रणालियों के बेहतर उपयोग को जोड़ती है। यह बड़ा ऑर्डर बड़े पैमाने पर ऊर्जा समाधान देने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है और हमें पश्चिम बंगाल की दीर्घकालिक टिकाऊ बिजली जरूरतों को पूरा करने में डब्ल्यूबीएसईडीसीएल के साथ साझेदारी करने का अवसर देता है।''