अदाणी डिफेंस ने पोखरण में चार टैंक-रोधी मिसाइलों का सफल परीक्षण किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
Adani Defence successfully test-fires four anti-tank missiles in Pokhran
Adani Defence successfully test-fires four anti-tank missiles in Pokhran

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अदाणी समूह की प्रमुख रक्षा और एयरोस्पेस कंपनी अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में वाहन पर तैनात की जाने वाली टैंक-रोधी निर्देशित मिसाइल (एटीजीएम) प्रणाली 'बघीरा एटी1' का सफल प्रदर्शन किया।

कंपनी ने कहा, ''इस कार्यक्रम में दिन और रात में निशाना साधने, लक्ष्य पर एक ही बीम के सहारे एक के बाद एक दो मिसाइलें दागने और लंबी दूरी पर हवाई लक्ष्य को भेदने की क्षमता को परखा गया। इसके बाद पूरी प्रणाली को प्रदर्शन के लिए रखा गया।''
 
पोखरण में 20 नवंबर को हुए इस 'नो कॉस्ट नो कमिटमेंट' (एनसीएनसी) प्रदर्शन को भारतीय सेना, सैन्य कार्य विभाग और रक्षा मंत्रालय (एमओडी) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने देखा।
 
बयान में कहा गया, ''बघीरा एटी1 का सफल परीक्षण 18 महीनों के डिजाइन और विकास का नतीजा है, जिसके दौरान अदाणी डिफेंस ने इस मिसाइल प्रणाली को भारतीय भूभाग, जलवायु और परिचालन जरूरतों के हिसाब से तैयार किया। इसका नतीजा एक पूर्ण युद्ध प्रणाली के रूप में सामने आया है, जिसमें मिसाइल, स्वचालित लॉन्चर, दिन और रात के दृश्य उपकरण शामिल हैं। इसे अदाणी डिफेंस द्वारा तैयार किए गए 4x4 उच्च-गतिशीलता वाले बख्तरबंद वाहन पर लगाया गया है।''
 
यह मिसाइल आठ किलोमीटर तक की दूरी पर बख्तरबंद वाहनों को निशाना बनाने में सक्षम है, जो जमीन से दागी जाने वाली टैंक-रोधी मिसाइल की लगभग चार किलोमीटर की मारक क्षमता से दोगुनी है। यह रेडियो लिंक पर निर्भर रहने के बजाय लेजर बीम के सहारे चलती है, जिससे ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध से प्रभावित होने वाले युद्धक्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग का इस पर असर नहीं होता।
 
कंपनी ने कहा कि एक ही लक्ष्य पर एक ही बीम के सहारे दो मिसाइलें तेजी से एक के बाद एक दागी जा सकती हैं। पहली मिसाइल टैंक के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम (एपीएस) को उलझाती है, जबकि दूसरी को उसके सुरक्षा कवच को भेदने के लिए तैयार किया गया है।