दुबई
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास अल खैमाह में एक भीषण सड़क दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 26 अन्य लोग घायल हुए हैं। मंगलवार (24 नवंबर) की सुबह तड़के एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा रास अल खैमाह के दक्षिणी हिस्से में अल वतन रोड पर हुआ।
रास अल खैमाह पुलिस के अनुसार, बस में 41 यात्री सवार थे। बस में तकनीकी खराबी आने के बाद वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यूएई की राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही 16 एम्बुलेंस और पांच आपातकालीन वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। बचाव दल ने मौके पर ही 26 घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इनमें से 14 गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, बस में सवार अधिकांश यात्री वीजा बदलवाने के बाद ओमान से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस बीच, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वालों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हालांकि, मृतक भारतीयों की पहचान और उनकी संख्या तत्काल स्पष्ट नहीं की गई।
यूएई के गृह मंत्रालय ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही ड्रोन हमले से जुड़ी खबरों को पूरी तरह निराधार और झूठा बताया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही यूएई के फुजैराह में एक अन्य भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने देश में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।