अमेरिकी फर्म में साइबर घटना से कुछ कर्मचारियों के आव्रजन आंकड़े उजागर होने की आशंका: पर्सिस्टेंट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-11-2026
Cyber ​​incident at US firm likely to expose immigration data of some employees: Persistent
Cyber ​​incident at US firm likely to expose immigration data of some employees: Persistent

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी पर्सिस्टेंट सिस्टम्स ने सोमवार को कहा कि आव्रजन संबंधी कार्यों के लिए उसने जिस अमेरिकी विधि फर्म की सेवाएं ली थीं, वहां साइबर घटना होने की आशंका है।
 
कंपनी ने आगे कहा कि इससे उसके कुछ कर्मचारियों के आव्रजन आंकड़े कथित तौर पर उजागर हो गए हैं, हालांकि उसकी अपनी प्रणाली सुरक्षित है और कारोबारी परिचालन सामान्य रूप से चल रहा है।
 
पर्सिस्टेंट ने शेयर बाजार को बताया कि कंपनी की महत्वपूर्ण जानकारी चोरी होने के किसी भी दावे की पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि उस विधि फर्म के पास ऐसी कोई जानकारी नहीं थी।
 
कंपनी ने कहा, ''हमें जानकारी मिली है कि अमेरिका स्थित एक विधि फर्म, जिसे पर्सिस्टेंट सिस्टम्स ने कंपनी के आव्रजन मामलों के लिए नियुक्त किया था, वहां साइबर सुरक्षा से जुड़ी कोई घटना होने की आशंका है।''
 
कंपनी ने आगे कहा कि उस विधि फर्म से उसके कुछ कर्मचारियों के आव्रजन आंकड़े और सहायक दस्तावेज कथित तौर पर चुराए गए हैं।