आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विश्व चैंपियन और विश्व में नंबर एक खिलाड़ी मीनाक्षी हुडा और विश्व मुक्केबाजी कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली ज्योति गुलिया शनिवार से यहां शुरू हो रही सत्र की आखिरी प्रतियोगिता विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स में भारत की 17 सदस्यीय टीम की अगुवाई करेंगी।
इस प्रतियोगिता में भारत के आठ पुरुष और नौ महिला मुक्केबाज भाग लेंगे।
विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स के 48 किग्रा की मौजूदा चैंपियन मीनाक्षी इस बार 51 किग्रा में इटली की मार्टिना वासाल्लो के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। ज्योति (48 किग्रा) का मुकाबला थाईलैंड की थिप्सचा योदवारे से होगा। इस मुकाबले की विजेता सेमीफाइनल में मैक्सिको की फातिमा हेरेरा से भिड़ेगी।
अन्य भारतीय महिला खिलाड़ियों में पूनम (54 किग्रा) का मुकाबला उज्बेकिस्तान की निगीना उक्तामोवा से, प्राची (57 किग्रा) का सर्बिया की नतालिया शाद्रिना से, सनेह (65 किग्रा) का थाईलैंड की पोर्नटिप बुआपा से और गितिमोनी गोगोई (70 किग्रा) का मुकाबला स्लोवाकिया की जेसिका ट्रहेफोवा से होगा।
नैना (80 किग्रा) का मुकाबला कजाकिस्तान की वलेरिया अक्सेनोवा से, जबकि अल्फिया पठान (80 किग्रा से अधिक) का कजाकिस्तान की दीना इस्काम्बेकोवा से होगा। थोकचोम एस चानू (75 किग्रा) को बाई मिली है और वह सेमीफाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
पुरुष वर्ग में ऋषि सिंह (50 किग्रा) का मुकाबला आर्मेनिया के रुदिक गारोयान से, निखिल (55 किग्रा) का चीन के जियांग झे से और अनमोल (60 किग्रा) का जापान के शुनसुके से होगा।
माल्सावमट्लुआंगा (80 किग्रा) का सामना रूस के बेख्तू शावलयेव से, जुगनू (85 किग्रा) का इटली के पाओलो कार्पेगना से और सावन गिल (90 किग्रा से अधिक) का सामना आर्मेनिया के डेविड चालोयान से होगा।