जलवायु परिवर्तन की रफ्तार के सामने वैश्विक प्रयास नाकाफी, वैज्ञानिकों ने जताई चिंता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-11-2026
Global efforts are insufficient to meet the pace of climate change, scientists express concern
Global efforts are insufficient to meet the pace of climate change, scientists express concern

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारत में मानसून के बाद के तीन चक्रवात आना, नेपाल में हिमालय के हिमनदों (ग्लेशियर) का पिघलना, महासागरों में प्रवाल भित्तियों का घटना और ‘सीओपी31’ सम्मेलन के समापन के दिन वैश्विक तापमान का औद्योगिक काल से पहले के औसत स्तर से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंचना... वैज्ञानिकों का कहना है कि ये अलग-अलग घटनाएं नहीं, बल्कि एक ही संकट के तेजी से गहराने की कहानी हैं।
 
वैज्ञानिक लगातार इस मुद्दे की ओर ध्यान दिलाते रहे हैं और स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था तथा लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को रेखांकित करते रहे हैं।
 
संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी31) बिना किसी सहमति के समाप्त होने के बाद कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि यह इस बात का प्रमाण है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की मौजूदा प्रक्रिया उस गति और व्यापकता से काम नहीं कर रही है, जिसकी इस संकट से निपटने के लिए जरूरत है।
 
जलवायु वैज्ञानिक और जलवायु परिवर्तन पर अंतर-सरकारी पैनल (आईपीसीसी) की रिपोर्ट के प्रमुख लेखकों में शामिल रॉक्सी मैथ्यू कोल ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘सीओपी31 से मुझे जो संदेश मिला है, वह यह है कि वैश्विक समुदाय के रूप में हम जलवायु में तेजी से हो रहे बदलाव से निपटने में विफल रहे हैं।’’
 
कोल ने सीओपी31 के अंतिम दस्तावेज से जीवाश्म ईंधन जैसे शब्दों को हटाए जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि प्राथमिकताएं तत्काल जलवायु कार्रवाई की जरूरत के विपरीत दिशा में जा रही हैं।
 
उन्होंने कहा कि वैश्विक तापमान में वृद्धि और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अब व्यापक बदलाव लाने वाले कदम उठाना अनिवार्य हो गया है।
 
वैज्ञानिक ने कहा कि सीओपी31 में अब तक जलवायु वित्त और निवेश के लिए किए गए वादे अपर्याप्त हैं और ये ‘‘हर साल होने वाले नुकसान के दसवें हिस्से के बराबर भी नहीं हैं।’’