ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस में दिवाली मनाई, भारतीय उद्यमी ने भेंट की हनुमान चालीसा

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 07-11-2026
Diwali celebrated at the White House with Trump; Indian entrepreneur presents Hanuman Chalisa
Diwali celebrated at the White House with Trump; Indian entrepreneur presents Hanuman Chalisa

 

वॉशिंगटन:

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में भारतीय समुदाय के प्रमुख लोगों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। इस खास मौके पर भारतीय टेक उद्यमी और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप से ओवल ऑफिस में मुलाकात की। उन्होंने ट्रंप को तुलसीदास रचित हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की। इस दौरान पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्ज्वलित कर दिवाली का उत्सव मनाया गया।

विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीरें और जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, ''ओवल ऑफिस में रोशनी का एक साझा पल। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करते हुए खुशी हुई। तुलसीदास की यह रचना भगवान हनुमान को समर्पित है, जिसे लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए पढ़ते हैं।''

गोंडल ने कहा कि दीप जलाने के दौरान उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती और मजबूत होने की प्रार्थना की। उन्होंने लिखा कि उनकी कामना है कि दोनों देशों के संबंध और प्रगाढ़ हों तथा अंधकार पर प्रकाश की जीत हो।

भारतीय परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने 'जुग जुग जियो' का आशीर्वाद भी दिया। उनके मुताबिक, इसका अर्थ है कि व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जिए। उन्होंने दुनिया भर के लोगों के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह में भारतीय मूल की कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुईं। इनमें मिशेलिन स्टार से सम्मानित मशहूर शेफ विकास खन्ना और कनाडा की पूर्व सांसद रूबी ढल्ला प्रमुख थीं।

यह दिवाली समारोह ऐसे समय में हुआ है, जब व्हाइट हाउस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि उनके करीबी सहयोगी और वर्तमान डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर सोमवार से व्हाइट हाउस के नए चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह सूसी वाइल्स की जगह लेंगे। सूसी वाइल्स अब प्रशासन के राजनीतिक कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगी।