नई दिल्ली:
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान की सह-स्वामित्व वाली कंपनी एंकर स्पोर्ट्स एबी और जर्मन क्रिकेट संघ (डॉयचे क्रिकेट बुंड) ने मिलकर एक नई मिक्स्ड जेंडर टी20 लीग शुरू करने की घोषणा की है। इस लीग का नाम ‘इक्वल’ (Equal) रखा गया है। टूर्नामेंट अगले साल अगस्त में आयोजित होने की योजना है।
इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला पेशेवर क्रिकेटर एक ही टीम में शामिल होकर टी20 प्रारूप में खेलेंगे। लीग का आयोजन जर्मनी के क्रिकेट संचालन निकाय के सहयोग से किया जाएगा।
जहीर खान ने कहा कि क्रिकेट लोगों को जोड़ने की क्षमता रखता है। यूरोप जैसे उभरते क्रिकेट बाजारों में खेल की वृद्धि इस बात पर निर्भर करेगी कि इसे अधिक से अधिक लोगों तक कैसे पहुंचाया जाता है।
उन्होंने कहा, “इक्वल जैसी पहल इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे अलग-अलग लिंग के लोगों को खेल में हिस्सा लेने, योगदान देने और क्रिकेट के विकास का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।”
टूर्नामेंट के शुरुआती प्रारूप में पांच टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 12 टी20 मैच खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे।हालांकि, मैच के दौरान मैदान पर उतरने वाली प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी शामिल होंगे। इस तरह पुरुष और महिला क्रिकेटर एक ही टीम के लिए संयुक्त रूप से मैदान पर खेलेंगे।मिक्स्ड जेंडर प्रारूप वाली यह लीग क्रिकेट में लैंगिक समानता और खेल की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक नई पहल मानी जा रही है।