आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हॉकी इंडिया के चुनाव पांच दिसंबर को कराने का मार्ग प्रशस्त करने वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि उन्होंने अभी तय नहीं किया है कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं ।
न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन और अरुण पल्ली की पीठ ने हॉकी इंडिया के ओडिशा हॉकी संघ को जारी किए गए दो कारण बताओ नोटिस वापस ले लिए हैं जिनमें राज्य संघ को स्थायी सदस्य से बदलकर एसोसिएट सदस्य बनाने का प्रस्ताव किया गया था।
न्यायालय ने कहा कि वह उन खिलाड़ियों के भविष्य को खतरे में नहीं डाल सकते जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसलिए हॉकी इंडिया के चुनाव पांच दिसंबर को कराने की अनुमति दी गई है।
टिर्की ने इस फैसले पर भाषा से कहा ,‘‘ हम इस फैसले का स्वागत करते है । ओडिशा हॉकी संघ को अनुचित तरीके से जो कारण बताओ नोटिस जारी किये गए थे, उसको लेकर हमारी लड़ाई थी । उस पर उच्चतम न्यायालय ने कह दिया कि ओडिशा स्थायी सदस्य रहेगा, उसे एसोसिएट सदस्य नहीं बना सकते । इसके अलावा मुझे चुनाव लड़ने की पात्रता दी है ।’’
भारत के लिये 412 मैच खेल चुके पूर्व फुल बैक ने कहा ,‘‘ ओडिशा हॉकी संघ को हॉकी इंडिया महासचिव ने जो अवैध नोटिस दिया था, उसे उच्चतम न्यायालय ने खारिज कर दिया है । हॉकी इंडिया महासचिव का क्या आखिर क्या मकसद था कि मैं चुनाव में खड़ा नहीं हो सकूं ।’’
यह पूछने पर कि क्या वह पांच दिसंबर को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे , भारत के पूर्व कप्तान ने कहा ,‘‘मैने अभी तय नहीं किया है ।’’
आंकड़ों के समीकरण में क्या हॉकी इंडिया की अंतर्कलह को देखते हुए उनका जीत पाना संभव लग रहा है, यह पूछने पर उन्होंने कहा ,‘‘ जीत हार बाद की बात है लेकिन मैं पहले तय करूंगा कि लड़ना है या नहीं । अभी मैने फैसला नहीं किया है ।’’
हॉकी इंडिया के भीतर चल रहे आंतरिक कलह के बीच ओडिशा उच्च न्यायालय ने 18 नवंबर को हॉकी इंडिया की चुनाव प्रक्रिया पर लगाई गई अंतरिम रोक को हटाने से इनकार कर दिया। अदालत का मानना था कि हॉकी इंडिया के नियम महासचिव को अध्यक्ष के आदेश के बिना कार्यकारी समिति की बैठकें बुलाने का अधिकार नहीं देते हैं।