एशियन गेम्स 2026: सतनाम-सलमान और बलराज पंवार रोइंग के फाइनल में

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 23-09-2026
Asian Games 2026: Satnam-Salman and Balraj Panwar in the final of rowing.
Asian Games 2026: Satnam-Salman and Balraj Panwar in the final of rowing.

 

नई दिल्ली

जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय रोइंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन खिलाड़ियों ने अपने-अपने इवेंट के फाइनल में जगह बना ली है। सतनाम सिंह, सलमान खान और बलराज पंवार ने बुधवार को प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में सतनाम सिंह और सलमान खान की भारतीय जोड़ी ने अपनी हीट में 6:15.63 मिनट का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों हीट के संयुक्त परिणाम में भारतीय जोड़ी चौथे स्थान पर रही और फाइनल में जगह पक्की की। डबल स्कल्स का फाइनल गुरुवार को आयोजित किया जाएगा।

वहीं, पुरुषों की सिंगल स्कल्स स्पर्धा में बलराज पंवार ने भी फाइनल ए में प्रवेश कर लिया। उन्होंने अपनी हीट में 6:52.84 मिनट के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों हीट के संयुक्त परिणाम में पंवार चौथे स्थान पर रहे और अब वह पदक के लिए होने वाली फाइनल रेस में उतरेंगे।

भारतीय रोइंग दल अब इन शानदार क्वालीफाइंग प्रदर्शनों को पदक में बदलने की कोशिश करेगा।

इस बीच, भारतीय खिलाड़ियों ने पुरुषों की कायाक फोर 500 मीटर स्पर्धा में भी फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। हर्षवर्धन शक्तावत, वरिंदर सिंह, एल. नाओचा सिंह ओइनाम और अरुण सिंह की भारतीय टीम ने हीट-1 में 1:29.447 मिनट का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। चीन की टीम पहले स्थान पर रही और भारत से 5.594 सेकंड आगे रही।

हीट में तीसरा स्थान हासिल करना भारतीय टीम के लिए फाइनल में प्रवेश के लिए पर्याप्त रहा।

एशियन गेम्स के चौथे दिन भारत के सामने कई अहम मुकाबले होंगे। ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और मनु भाकर भी एक्शन में नजर आएंगी। प्रतियोगिता में अब तक भारत ने कुल 7 पदक जीते हैं, जिनमें 1 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।