Strict action will be taken against those who attack policemen: Kerala Home Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चेन्निथला ने त्रिशूर में नवनिर्मित पुलिस आवास परिसर का उद्घाटन करने और त्रिशूर टाउन ईस्ट पुलिस थाने के नए भवन के निर्माण कार्य की शुरुआत के बाद यह बात कही।
तिरुवनंतपुरम के कझाकूट्टम में सोमवार को वाहन जांच के दौरान एक वैन द्वारा कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश किए जाने की घटना का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले पुलिसकर्मियों पर हमले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सोमवार को कझाकूट्टम में मादक पदार्थों की तस्करी के संदिग्ध तीन लोगों ने अपना वाहन जिला मादक पदार्थ निरोधक विशेष कार्रवाई बल (डैनसैफ) की टीम पर कथित तौर पर चढ़ा दिया था। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया था।
चेन्निथला ने कहा कि मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए शुरू किए गए केरल पुलिस के अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ ने दूसरे देशों का भी ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच महीनों में पुलिस ने 200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं और 16,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ केरल असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (कापा) के तहत कार्रवाई करने और उनकी संपत्तियां जब्त करने जैसे सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।