आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को जारी मतदाता सूची के मसौदे में 13.58 करोड़ मतदाता शामिल हैं, जिनमें 6.20 करोड़ महिलाएं हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने यह जानकारी दी।
रिणवा ने बताया कि अप्रैल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी मतदाता सूची की तुलना में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के दौरान 18 लाख से अधिक मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
रिणवा ने यहां लोक भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जारी मतदाता सूची के मसौदे में कुल 13,58,68,905 मतदाता शामिल हैं जिनमें 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिलाएं और 4,042 तीसरे लिंग के मतदाता हैं।
उन्होंने बताया कि इस सूची में 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के 11,83,352 मतदाता भी शामिल हैं।
रिणवा ने कहा, ‘‘दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक रहेगी। इस दौरान पात्र नागरिक प्रपत्र-छह, सात और आठ के माध्यम से मतदाता सूची मेंक्रमशः नाम जुड़वाने, नाम हटवाने या दर्ज विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।’’
उन्होंने बताया कि सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक कर दिया जाएगा, जिसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।