एसआईआर ‘दोषपूर्ण प्रक्रिया’, अब ‘भस्मासुर’ बन चुकी है: कांग्रेस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-09-2026
SIR 'flawed process', has now become 'Bhasmasura': Congress
SIR 'flawed process', has now become 'Bhasmasura': Congress

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 कांग्रेस ने सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को ‘‘दोषपूर्ण प्रक्रिया’’ बताया और आरोप लगाया कि यह अब ‘‘भस्मासुर बन गई है, जो अपने लोगों को ही चपेट में ले रही है’’।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बिहार से शुरू हुआ एसआईआर अब दिल्ली पहुंच गया है और शायद अब सत्ताधारियों को पता चल रहा है कि कांग्रेस इस प्रक्रिया को पहले दिन से ही ‘‘दोषपूर्ण’’ क्यों बता रही थी।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर ‘‘भाजपा द्वारा वोट चोरी और लोकतंत्र को खत्म करने का हथियार’’ है और अब यह ‘‘भस्मासुर’’ बन गया है।
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा के कई बड़े नेताओं को भी नोटिस दिए गए हैं। इनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मौजूदा विदेश मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री आदि शामिल हैं।
 
उन्होंने कहा कि इससे पहले 'भारत रत्न' से सम्मानित एक वैज्ञानिक और पूर्व नौसेना प्रमुख को भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
 
खरगे ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मामलों का हवाला देते हुए दावा किया कि अब तक जिन मामलों में फैसला हुआ है, उनमें 93 प्रतिशत लोगों ने अपनी अपील पर जीत हासिल कर ली है और 1,13,943 लोगों को फिर से मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
 
उन्होंने सवाल किया, ‘‘किस आधार पर उनका मताधिकार छीना गया?’’