आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 देशों के समूह आसियान के नेताओं से मंगलवार को कहा कि भारत एवं आसियान की कुल आबादी दुनिया की जनसंख्या का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है और ‘‘हमारा साझा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से’’ तय होना चाहिए।
मोदी ने भारत-आसियान शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस साझेदारी में आसियान की एकता एवं केंद्रीय भूमिका के प्रति ‘‘भारत की प्रतिबद्धता अटूट है और आगे भी बनी रहेगी।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने कई संकटों का सामना किया है। आज दुनिया को शांति, स्थिरता और ऐसे माहौल की सबसे अधिक जरूरत है जिसमें भविष्य को लेकर अनिश्चितता न हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस संदर्भ में इस वर्ष का हमारा विषय ‘मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना’ विशेष महत्व रखता है।’’
दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन (आसियान) एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी समूह है, जो दक्षिण पूर्व एशिया के अपने सदस्य देशों के बीच आर्थिक विकास, राजनीतिक स्थिरता, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देता है।