आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को संसद परिसर से निर्वाचन सदन की ओर मार्च शुरू किया।
विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द की की मांग कर रहा है।
इस मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी समेत विपक्षी दलों के कई नेता और सांसद शामिल हैं।
विपक्षी दलों के सांसद संसद के मकर द्वार के निकट एकत्र होने के बाद निर्वाचन सदन की ओर रवाना हुए।
विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर निर्वाचन आयोग तथा केंद्र सरकार से जवाब मांगा जाना और ज्ञानेश कुमार को हटाया जाना जरूरी है। विपक्षी दलों के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत यह मार्च निकाला जा रहा है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को कहा था कि विपक्ष को उम्मीद है कि मार्च शांतिपूर्ण रहेगा और पुलिस सांसदों को रोकने की कोशिश नहीं करेगी।