Nursery admissions in Delhi's private schools will begin from December 1.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी के लिए दाखिले एक दिसंबर से होंगे शुरू
दिल्ली के निजी स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र के लिए नर्सरी, लोअर केजी, अपर केजी और पहली कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी तथा आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 28 दिसंबर तय की गई है। शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी एक परिपत्र में यह जानकारी दी गई है।
परिपत्र के अनुसार, चयनित बच्चों की पहली सूची (प्रतीक्षा सूची सहित) 20 जनवरी को जारी की जाएगी, जबकि दूसरी सूची पांच फरवरी को प्रकाशित होगी। दाखिले की पूरी प्रक्रिया 12 मार्च को समाप्त हो जाएगी।
स्कूलों को 26 नवंबर तक दाखिले के मानदंड और उनके अनुसार निर्धारित अंक शिक्षा निदेशालय के पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें ये मानदंड और अंक अपनी-अपनी वेबसाइट पर भी प्रदर्शित करने होंगे।
संशोधित बुनियादी शिक्षा व्यवस्था के तहत आयु सीमा में बदलाव किया गया है। इसके अनुसार, नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र 31 मार्च, 2027 तक कम से कम तीन साल होनी चाहिए, लेकिन चार साल से कम होनी चाहिए।
लोअर केजी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र कम से कम चार साल और पांच साल से कम होनी चाहिए। वहीं, अपर केजी के लिए उम्र पांच साल या उससे अधिक, लेकिन छह साल से कम होनी चाहिए।
परिपत्र के अनुसार, पुनर्गठित बुनियादी शिक्षा व्यवस्था के तहत शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग प्रवेश स्तर की कक्षाओं के रूप में शुरू किया जाएगा।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नर्सरी में दाखिला लेने वाले बच्चों को लोअर केजी में भेजा जाएगा। इसके अलावा, निर्धारित आयु मानदंड पूरा करने वाले नए बच्चों को भी इस कक्षा में दाखिला दिया जा सकेगा।
वर्तमान व्यवस्था के तहत 2026-27 सत्र में केजी में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को अगले शैक्षणिक सत्र में पहली कक्षा में भेजा जाएगा। परिपत्र में कहा गया है कि अपर केजी में दाखिले के इच्छुक बच्चों की उम्र 31 मार्च, 2027 तक कम से कम पांच साल होनी चाहिए।
शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख तक अभिभावकों को आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराएं। स्कूल इसके लिए केवल 25 रुपये का वापस न किया जाने वाला पंजीकरण शुल्क ले सकेंगे। हालांकि, जानकारी पुस्तिका खरीदना अनिवार्य नहीं होगा।
स्कूलों को निष्पक्ष, उचित और पारदर्शी दाखिला मानदंड अपनाने के लिए भी कहा गया है। वे शिक्षा विभाग की ओर से पहले ही समाप्त किए जा चुके मानदंडों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। इनमें अभिभावकों की शैक्षणिक योग्यता, पेशा, लैंगिक पहचान, धूम्रपान न करने की आदत, शाकाहारी होना और साक्षात्कार जैसे मानदंड शामिल हैं।
आवेदकों को दिए गए अंकों की सूची चार जनवरी, 2027 को पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। अभिभावक पांच से 11 जनवरी के बीच अपने बच्चों को दिए गए अंकों को लेकर सवाल या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 12 जनवरी को अंतिम अंक सूची जारी की जाएगी।
यदि किसी स्कूल में उपलब्ध सीटों की तुलना में समान अंक पाने वाले आवेदकों की संख्या अधिक होती है, तो स्कूल लॉटरी के जरिये बच्चों का चयन करेंगे। परिपत्र के अनुसार, यह प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। लॉटरी की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और इसे अभिभावकों तथा शिक्षा निदेशालय के एक प्रतिनिधि की मौजूदगी में आयोजित किया जाएगा।