आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति बताया और उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
बहुमुखी प्रतिभा और प्रभावशाली अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले नाना पाटेकर का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से बहुत दुखी हूं। अपने प्रभावशाली और भावपूर्ण अभिनय के जरिए उन्होंने मानवीय अनुभवों की विस्तृत श्रृंखला को जीवंत किया। उन्होंने ऐसे किरदार निभाए, जिनकी लोगों के दिल और दिमाग पर गहरी छाप पड़ी।’’
उन्होंने कहा कि समाज सेवा के प्रति पाटेकर की प्रतिबद्धता वंचित लोगों के लिए उनकी चिंता को दर्शाती थी।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।’’