आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश में जनवरी 2023 से एक नवंबर 2026 तक हत्या के 329 और दुष्कर्म के 1,386 मामले दर्ज किए गए, जबकि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की संख्या 10 हजार से अधिक रही। राज्य विधानसभा में पेश आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
हाल ही में संपन्न शीतकालीन सत्र में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 6,930 और बच्चों के खिलाफ अपराध के 3,122 मामले दर्ज किए गए।
राज्य में चार साल के दौरान कुल 73,269 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें इस साल एक नवंबर तक के 16,560 मामले शामिल हैं। यह संख्या पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 742 अधिक है।
वार्षिक आंकड़ों के अनुसार, 2023 में 19,987, 2024 में 17,916 और 2025 में 18,806 आपराधिक मामले दर्ज किए गए।
हत्या के मामलों में कमी आई। वर्ष 2023 में हत्या के 93 मामले, 2024 में 84 मामले और 2025 में 83 मामले दर्ज किए गए। इस साल एक नवंबर तक हत्या के 69 मामले सामने आए।
हालांकि, दुष्कर्म के मामले 2023 में 344, वर्ष 2024 में 331, वर्ष 2025 में 398 और इस साल एक नवंबर तक 313 रहे।
महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले 2023 में 1,636 से बढ़कर 2024 में 1,627, वर्ष 2025 में 1,792 और वर्ष 2026 के पहले 10 महीनों में 1,875 हो गए।
इसी तरह, बच्चों के खिलाफ अपराध के मामले 2023 में 681, 2024 में 741 मामले और 2025 में 884 मामले रहे। इस साल एक नवंबर तक ऐसे 816 मामले दर्ज किए गए।