सतत विमानन ईंधन नीति पर एक-दो सप्ताह में जनता से सुझाव मांगेगी सरकार:नायडू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2026
Government to seek public suggestions on sustainable aviation fuel policy in a week or two: Naidu
Government to seek public suggestions on sustainable aviation fuel policy in a week or two: Naidu

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि सरकार एक-दो सप्ताह में सतत विमानन ईंधन (एसएएफ) नीति का मसौदा जनता की टिप्पणियों के लिए जारी करने की योजना बना रही है।
 
उन्होंने कहा कि एसएएफ देश के लिए आर्थिक अवसर उपलब्ध कराता है।
 
देश में 2040 तक सालाना करीब एक करोड़ टन एसएएफ का उत्पादन करने की क्षमता है, जिसके लिए 70-85 अरब डॉलर के निवेश की जरूरत होगी।
 
सतत विमानन ईंधन (एसएएफ) के इस्तेमाल के लाभों का उल्लेख करते हुए नायडू ने कहा कि इससे देश के ईंधन आयात बिल को कम करने में मदद मिल सकती है।
 
उद्योग संगठन फिक्की और नागर विमानन मंत्रालय की ओर से आयोजित ‘इंडिया सस्टेनेबल एविएशन समिट’ में मंत्री ने कहा कि एसएएफ नीति का मसौदा एक-दो सप्ताह में जनता की टिप्पणियों के लिए जारी किया जाएगा।
 
नागर विमानन मंत्रालय ने एसएएफ पर राष्ट्रीय नीति का मसौदा प्रसारित किया है, जिसमें विमान ईंधन (एटीएफ) में केवल देश में निर्मित एसएएफ मिलाने को अनिवार्य किया गया है।
 
एसएएफ के उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए कर संबंधी सहायता के तहत जीएसटी (माल एवं सेवा कर) से छूट या उसमें कटौती, व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण, हरित वित्तपोषण साधन और रिफाइनरी में बदलाव के लिए सहायता समेत अन्य उपायों पर विचार किया जाएगा।