Foundation stone laid for Ball Corporation's aluminium can unit in Meerut, to invest Rs 2,900 crore
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण इकाई का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 2,900 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।
एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे का प्रमाण है। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। साथ ही, स्थानीय लघु एवं मझोले उद्योगों, परिवहन, लॉजिस्टिक और पुनर्चक्रण क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से मेरठ की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। खेल सामग्री के लिए प्रसिद्ध यह शहर अब आधुनिक विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।
आदित्यनाथ ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।