Air Force has evolved into an exceptional, network-based military force: Air Chief Marshal Singh
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय वायुसेना की अभियानगत क्षमताएं सही दिशा में बढ़ रही हैं और यह बल सतर्क है तथा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।
वायुसेना प्रमुख ने यहां हिंडन वायुसेना स्टेशन पर वायुसेना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अपने 94 वर्ष के सफर में भारतीय वायुसेना दुनिया के बेहतरीन सैन्य बलों में शामिल एक असाधारण, सक्षम, नेटवर्क-केंद्रित और बहु-क्षेत्रीय बल के रूप में विकसित हुई है।
उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वायु योद्धाओं को नमन किया।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि दुनिया के कुछ हिस्सों में हुए संघर्षों ने दिखाया है कि किसी देश के हितों की रक्षा के लिए वायु शक्ति प्रमुख साधन है।
उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान में भारतीय वायुसेना ने सैन्य अभियानों को तेजी से संचालित करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
एयर चीफ मार्शल ने कहा कि भारतीय वायुसेना सतर्क, प्रतिबद्ध और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।