नेटफ्लिक्स यह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान की कोई भी वेब सीरीज भारत में रिलीज न हो : केंद्र सरकार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
Netflix should ensure that no Pakistani web series is released in India: Central Government
Netflix should ensure that no Pakistani web series is released in India: Central Government

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के भारत में संभावित प्रसारण को लेकर कई शिकायतें मिली हैं और उसने इस स्ट्रीमिंग मंच से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान में बनी सामग्री भारत में प्रसारित न की जाए। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
 
इस वेब सीरीज का ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया था, लेकिन नेटफ्लिक्स ने अभी तक इस बात पर कोई टिप्पणी नहीं की है कि चार दिसंबर को होने वाली इसकी रिलीज में भारत भी शामिल है या यह केवल पाकिस्तान और अन्य देशों के दर्शकों के लिए है। भारत में फिल्म उद्योग से जुड़े दो संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर इस कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
 
सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से आठ मई, 2025 को जारी अपने परामर्श का पालन करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान में बनी स्ट्रीमिंग सामग्री भारत में उपलब्ध न हो।
 
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से जून में सरकार को दिए गए अपने आश्वासन पर कायम रहने को भी कहा है। उस समय नेटफ्लिक्स ने सरकार को बताया था कि उसने भारत में अपने ग्राहकों के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। मंत्रालय ने कंपनी से उस समय व्यक्त किए गए अपने रुख को बनाए रखने को कहा है।
 
‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ (एआईसीडब्ल्यूए) और ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज’ (एफडब्ल्यूआईसीई) ने कहा है कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद मंत्रालय के परामर्श के तहत इस कार्यक्रम को भारत में रिलीज करना उसका उल्लंघन होगा। पहलगाम हमले के बाद मंत्रालय ने ओटीटी मंच और स्ट्रीमिंग सेवाओं से पाकिस्तानी मूल की सामग्री का प्रसारण बंद करने को कहा था।